Translate

किसानों की बस ओवरटेक करते समय ट्रक से भिड़ी, 17 घायल सम्मेलन से लौट रहे थे


विदिशा। किसान सम्मेलन में शामिल होकर लौट रहे किसानों से भरी बस नेशनल हाईवे 86 मोहित वेयर के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इससे बस में सवार 4 महिलाओं सहित 17 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को 108 एम्बूलेंस और 100 डायल से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। इधर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सामान्य घायलों को 25 हजार और गंभीर रूप से घायल हुए किसानों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। रविवार की शाम को नपाध्यक्ष मुकेश टंडन सहित अन्य अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों को सहायता राशि के चेक दिए।
रविवार को मिर्जापुर स्थित नई मंडी में किसान समृद्घि योजना के तहत समर्थन मूल्य पर केन्द्र और मंडियों में गेहूं बेचने वाले पंजीकृत किसानों को 265 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से प्रोत्साहन राशि देने के लिए जिला स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया था। आयोजन में 50 बसों से किसानों को लाया गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद गंजबासौदा तहसील के ग्राम भिलाय से किसानों को लाई दांगी बस क्रमांक एमपी-04 पीए0488 वापस जाते समय मोहित वेयर हाउस के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई। किसानों ने बताया कि ड्रायवर एक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान खड़े ट्रक में बस घुस गई। बस टकराते ही बस में चीख पुकार मच गई। आसपास के ट्रक वाले और राहगीरों ने बस के अंदर पहुंचकर किसानों की मदद की।
ड्रायवर की गलती से हुआ हादसा
घायल किसान भारतसिंह, धारूसिंह ने आदि घायलों ने बताया कि ड्रायवर की गलती से दुर्घटना हुई है।सूचना मिलने पर विधायक कल्याणसिंह दांगी भी घटना स्थल पहुंचे। एम्बूलेंस और 100 डायल से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर सभी का उपचार किया जा रहा है। घायल किसानों से मिलने नपाध्यक्ष मुकेश टंडन, कलेक्टर अनिल सुचारी, एडीएम एचपी वर्मा, एसडीएम रविशंकर राय सहित तहसीलदार, नायव तहसीलदार पहुंचे। इस दौरान घायलों का निशुल्क इलाज कराने की बात कही गई वहीं उन्हें सहायता राशि के चेक भेंट किए गए।
यह किसान हुए घायल
जानकारी के अनुसार ग्राम भिलाय निवासी 60 वर्षीय धारूसिंह, 55 वर्षीय दयाराम, 65 वर्षीय फूलसिंह, 65 वर्षीय गणेश, 22 वर्षीय चेनसिंह, 50 वर्षीय परसराम, 55 वर्षीय बट्टू, 65 वर्षीय हरलाल, 48 वर्षीय काशीराम, 55 वर्षीय बाबूलाल, 25 वर्षीय पूरनसिंह, 20 वर्षीय सूरज, सोवरनसिंह, सहित कुसुम बाई, 50 वर्षीय इंदरबाई, 50 वर्षीय कुंअरबाई, 60 वर्षीय कोसियाबाई शामिल हैं। इनमें भिलाय पंचायत के सचिव सोवरनसिंह और ग्राम मूडरी के चौकीदार हरलाल और उनकी पत्नी भी घायल हैं।
सरकारी कर्मचारियों के दुरूपयोग का आरोप
घटना के बाद कांग्रेस नेता शशांक भार्गव घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि शिवराजसिंह की सरकार में सरकारी कर्मचारियों से पार्टी का काम कराया जा रहा है। बस पलटने घायल हुए लोगों में सचिव और चौकीदार भी घायल हैं। इन लोगों को भीड एकत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वहीं चैक वितरण करने के नाम पर भीड एकत्रित की गई थी। जबकि राशि किसानों के खातों में भेजी जानी थी।
कृषि विभाग का दावा, 38 हजार किसानों के खातों में डाले 97 करोड़, किसान बोले नहीं आया मैसेज

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ